
शावेज़ आलम
कानपुर। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के नगर अध्यक्ष शादाब आलम व लोहिया वाहिनी नगर अध्यक्ष दीपक खोटे ने राष्ट्रपति को एक पत्र लिखकर कानपुर में व्यापारियों और उद्योगपतियों पर हो रहे प्रशासनिक उत्पीड़न, उद्योगों के पलायन और बढ़ती बेरोजगारी का गंभीर मुद्दा उठाया है। उन्होंने इस विषय पर तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की है।
शादाब आलम ने अपने पत्र में कहा कि कानपुर जैसे ऐतिहासिक औद्योगिक शहर में प्रशासनिक दबाव और अन्य समस्याओं के चलते व्यापारी और उद्योगपति अपने कारोबार को शहर से बाहर ले जाने के लिए मजबूर हो रहे हैं। इसका परिणाम यह हो रहा है कि यहां के उद्योग बंद हो रहे हैं और बेरोजगारी की दर में तेजी से इजाफा हो रहा है।
दीपक खोटे ने कहा कि यह स्थिति विशेष रूप से युवाओं और मजदूर वर्ग के लिए घातक साबित हो रही है। बेरोजगारी से न केवल सामाजिक, बल्कि आर्थिक समस्याएं भी बढ़ रही हैं।

शादाब आलम ने 2012 से 2017 के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए वर्तमान सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश में औद्योगिक विकास हुआ था, जबकि वर्तमान में व्यापारियों और उद्योगपतियों को दबाव का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र के माध्यम से राष्ट्रपति से अपील की है कि कानपुर में व्यापार और उद्योग को पुनर्जीवित करने के लिए ठोस नीतियां बनाई जाएं। साथ ही, व्यापारियों और उद्योगपतियों को प्रशासनिक उत्पीड़न से राहत दिलाई जाए, ताकि बेरोजगारी की समस्या को दूर किया जा सके।