भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के नए मुख्यमंत्री होंगे। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डाक्टर दिनेश शर्मा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में शनिवार को उनके नाम का ऐलान हुआ।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने बताया कि योगी आदित्यनाथ को सर्वसम्मति से प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लिया गया। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और लखनऊ के मेयर डाक्टर दिनेश शर्मा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य को प्रदेश का उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब उत्तर प्रदेश में दो उपमुख्यमंत्री बनाए गए हैं।
प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करने के बाद मुख्यमंत्री के ऐलान को लेकर करीब एक हफ्ते का इंतजार आज शाम खत्म हो गया और विधायक दल की बैठक में आदित्यनाथ को अप्रत्याशित रूप से प्रदेश का नया मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लिया गया। गोरक्षापीठाधीश्वर आदित्यनाथ की छवि कट्टर हिन्दुत्ववादी नेता की है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने बताया कि योगी ने बैठक में आग्रह किया था कि उन्हें दो और सहयोगी दिए जाएं।