
कानपुर: जी.एस.वी.एम. मेडिकल कॉलेज, कानपुर में हिंदुस्तान मेनोपॉज सोसायटी के तत्वावधान में 30वां राष्ट्रीय मेनोपॉज सम्मेलन (IMSCON-2025) का आयोजन 21 से 23 फरवरी 2025 तक किया जाएगा। इस सम्मेलन में देश-विदेश के 200 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टर भाग लेंगे और मेनोपॉज (रजोनिवृत्ति) से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं पर चर्चा करेंगे।
सम्मेलन में डॉ. संगीता अग्रवाल (अध्यक्ष, हिंदुस्तान मेनोपॉज सोसायटी), डॉ. मंजू मोदी (राष्ट्रीय सचिव), डॉ. विमलचंद जैन (संगठन सचिव), डॉ. मीरा अग्रवाल, डॉ. किरण गुप्ता समेत कई प्रतिष्ठित विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य रजोनिवृत्ति के दौरान महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करना और इस दौरान होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं का प्रभावी समाधान ढूंढना है।
महत्वपूर्ण विषयों पर होगी चर्चा
सम्मेलन के दौरान गर्भाशय, अस्थि रोग, हृदय स्वास्थ्य, टीकाकरण, मानसिक स्वास्थ्य और संतुलित आहार जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा, IVF तकनीक, गर्भधारण संबंधी समस्याएं, और रजोनिवृत्ति के बाद महिलाओं की जीवनशैली सुधारने के उपाय भी बताए जाएंगे।
विशेष रूप से डॉ. (प्रो.) सिमोन फिशरन (ESHRE, UK) दुनिया के पहले IVF बच्चे (लुईस ब्राउन) की मां बनने वाली महिला की सफलता पर व्याख्यान देंगी। इसके अलावा, बांझपन के इलाज में नई तकनीकों पर भी विस्तार से चर्चा होगी।
सम्मेलन में होंगे विभिन्न सत्र
21 फरवरी: मेनोपॉज से संबंधित नई तकनीकों और शोधों पर चर्चा।
22 फरवरी: 150 से अधिक शोधपत्रों की प्रस्तुति और विशेषज्ञों के व्याख्यान होंगे।
23 फरवरी: विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें डॉ. बेदांत पाण्डेय मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान महिलाओं की हड्डियों की मजबूती, हृदय स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, आहार और व्यायाम पर विशेष जानकारी दी जाएगी।
स्वास्थ्य जागरूकता पर ज़ोर
सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में श्रीमती प्रतिभा शुक्ला (महिला कल्याण, बाल विकास मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार) मुख्य अतिथि होंगी। इस दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य सुधार और जागरूकता को लेकर कई अहम घोषणाएं भी की जाएंगी।
इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन से महिलाओं के स्वास्थ्य और जीवनशैली सुधार में नए आयाम जुड़ने की उम्मीद है।
Leave a Reply